देश की संस्थाओं को कमजोर कर रही भाजपा : सोनिया गांधी

नई दिल्लीः कांग्रेस पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने रविवार को नरेंद्र मोदी सरकार पर देश की संस्थाओं को कमजोर करने और वादों को पूरा करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश में बदलाव की आंधी की संभावना हैं। पार्टी की ’जन आक्रोश’ रैली में सोनिया ने कहा, ’मोदी सरकार ने देश के साथ विश्वासघात किया है। मोदी जी ने जो वादे किए, वो पूरे नहीं हुए।

पूर्व कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष सोनिया ने कहा, ’आप लोग (कार्यकर्ता) जिस गर्मजोशी से यहां आए हैं उससे साबित होता है कि देश मे बदलाव की आंधी की संभावना हैं। उन्होंने कहा, ’देश में कठिनाई का माहौल है। छोटे कारोबारी, किसान, दलित, आदिवासी व अल्पसंख्यक सभी परेशान हैं। दो करोड़ नौकरियों का वादा किया गया, लेकिन आज युवा परेशान है। सभी के साथ धोखा हुआ है।’ उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों ने अर्थव्यवस्था को चौपट कर दिया और महंगाई बढ़ गई है।

सोनिया ने सवाल किया, ’न खाऊंगा, न खाने दूंगा। इस दावे का क्या हुआ ? करप्शन बढ़ गया है। सत्ता हथियाने के लिए जो वादे किए गए थे वो सब खोखले साबित हुए।’ उन्होंने कहा, ’देश हिंसक दौर से गुजर रहा है। संस्थाओं को निर्बल किया जा रहा है। चुनाव को ध्यान में रखकर समाज को बांटा जा रहा है। सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग हो रहा है।“