नई दिल्लीः अगर आपके घर में साढ़े चार इंच बड़ा मच्छर आ धमके तो आप क्या करेंगे। अरे ये कोरी कल्पना नही है बल्कि एक जानकारी के मुताबिक चाइना के सिचुआन प्रांत में सामान्य से बहुत बड़े आकार का एक मच्छर पाया गया है। होलोरूसिआ मिकाडो प्रजाति के इस मच्छर के पंख इतने बड़े हैं कि वो 11.15 सेंटीमीटर यानी करीब साढ़े 4 इंच तक फैल जाते हैं। आमतौर पर इस प्रजाति के मच्छरों के पंख आठ सेमी तक ही फैलते हैं, लेकिन इस मच्छर ने शायद अपने आकार से वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का इरादा कर लिया है। पिछले वर्ष अगस्त में यह मच्छर सिचुआन प्रांत की राजधानी चेंगदू में पाया गया था।
खून नहीं, पीता है फूलों का रस
अपने आकार के कारण यह मच्छर दिखने में तो बहुत ज्यादा खतरनाक और डरावना लगता है इसके बावजूद इस मच्छर का भयानक आकार देखकर अगर आप यह सोच रहे हैं कि यह एक बार में इंसानों का कितना खून पी जाता होगा, तो आपकी जानकारी के लिए बताते चलें कि यह मच्छर शाकाहारी है यानी कि यह अपना पेट खून पीकर नही बल्कि फूलों के पराग को पीकर भरता है। यही नही इस मच्छर की आयु भी ज्यादा नही होती है। यह सिर्फ कुछ ही दिन जीता है। इसका शरीर इतना बड़ा है कि यह अच्छे से उड़ भी नही पाता खून की बजाय पराग से अपना पेट भरने वाला यह संसार का इकलौता मच्छर नही है, क्योंकि इस धरती पर ऐसे मच्छरों की एक हजार से ज्यादा प्रजातियां मौजूद है हालांकि उनमें से करीब 100 प्रजातियों के मच्छर इंसानों और जानवरों का खून पीकर उनके लिए जंजाल बने हुए हैं। उन्हीं खतरनाक मच्छरों से बचने के लिए चाइना के गवर्नमेंट अनुसंधान विभाग ने हाल ही में एक ऐसा रडार बनाया है, जो किसी भी इलाके में 2 किलोमीटर दूर से ही मच्छरों की सेना को खोजकर मार देगा। यह कमाल का मच्छरमारक रेडार बहुत ही अलग तरीके से कार्य करता है।