लालू ने टाटा की जमीन पर भी कर लिया कब्जा : सुशील मोदी

पटनाः बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने एक बार फिर आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। पटना के रवींद्र भवन में आयोजित सम्राट अशोक की 2323वीं जयंती समारोह में सुशील मोदी ने कहा कि लालू यादव को मौका मिला तो खजाना लूट लिए और आरोप लगा रहे हैं कि भाजपा ने फंसा दिया। इस दौरान उन्होंने लालू यादव पर एक नया आरोप लगाते हुए टाटा की संपत्ति हड़पने की बात कही। साथ ही जल्द इसका खुलासा करने का दावा भी किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुशील मोदी ने कहा कि लालू यादव ने कई लोगों से टिकट के बदले जमीन व घर लिखवा लिया। साथ ही उन्होंने कहा कि अभी तो खुलासा होना बाकी है कि उन्होंने टाटा जैसी कम्पनी तक को नहीं छोड़ा, उनका भी मकान ले लिया।


सुशील मोदी ने कहा कि जल्द ही वह लालू की बेनामी व अवैध संपत्ति के बारे में रहस्योद्घाटन करेंगे। इस दौरान सुमो ने लालू यादव छोटे बेटे तेजस्वी यादव पर भी 28 साल की आयु में 1000 करोड़ रुपये की 28 से अधिक संपत्ति बनाने का आरोप लगाया।

बिहार में हाल ही में बिगड़े सांप्रदायिक माहौल का ठीकरा उन्होंने विपक्ष में मौजूद राजद-कांग्रेस साझेदारी पर फोड़ा। उन्होंने कहा विपक्ष बिहार का माहौल बेकार करने में लगा है। जिनके राज में बाथे सामूहिक नरसंहार व भागलपुर दंगा हुआ, उसी राजद व कांग्रेस पार्टी के लोग जातीय व सांप्रदायिक तनाव पैदा कर रहे हैं। 

गौरतलब है कि चारा घोटाला के कई मामलों में सजा काट चुके आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव इन दिनों दिल्ली एम्स में उपचार करवा रहे हैं। उन्हें हाल ही में न्यायालय ने एक मामले में 14 साल की सजा सुनाई थी साथ ही 25-25 लाख का आर्थिक दंड भी दिया था।