मोदी ने अमेरिकी कंपनी को दिया नमो एप का डाटा : राहुल

नई दिल्लीः कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अपने आधिकारिक मोबाइल एप उपभोक्ताओं की जानकारी अमेरिकी कंपनी को लीक करने का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, “हाइ! मेरा नाम नरेंद्र मोदी है। मैं भारत का प्रधानमंत्री हूं। जब आप मेरे आधिकारिक एप के लिए साइन अप करते हैं, तो मैं आपके सभी डाटा को अमेरिकी कंपनियों के अपने दोस्तों को देता हूं।“

राहुल गांधी एक मीडिया रिपोर्ट का जिक्र कर रहे थे, जिसमें एक फ्रांसीसी निगरानी हैकर ने अपने श्रृंखलाबद्ध ट्वीटों में आरोप लगाया कि मोदी मोबाइल एप के उपभोक्ताओं की ईमेल आईडी, तस्वीरें, लिंग व नाम सहित निजी डाटा उनकी सहमति के बिना एक तीसरे पक्ष के डोमेन पर भेजी जा रही हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यधारा के मीडिया पर इस गंभीर खबर को हमेशा की तरह दफना देने का आरोप भी लगाया। राहुल गांधी की यह टिप्पणी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा कांग्रेस पर 2019 के चुनाव प्रचार अभियान में राजनीतिक डाटा विश्लेषक कंपनी कैम्ब्रिज एनालिटिका का इस्तेमाल कर राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता करने का आरोप लगाए जाने के कुछ दिन के बाद आया है। कैम्ब्रिज एनालिटिका कंपनी कथित तौर पर सोशल मीडिया डाटा के हेरफेर में शामिल है।