चंडीगढ़ व आसपास के इलाकों में झमाझम बारिश से राहत

चंडीगढ़ः चंडीगढ़ और पंजाब और हरियाणा में इसके आसपास के अन्य इलाकों में सोमवार सुबह झमाझम बारिश हुई और तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। करीब एक घंटे तक हुई बारिश के बाद मौसम खुशगवार हो गया। आसमान में बादल छाए रहे। 

एक निजी स्कूल में 10वीं कक्षा के छात्र जसकरण ने बताया, “आज सुबह जब हम स्कूल के लिए रवाना हो रहे थे, उस समय अंधेरा छाया हुआ था। इसके तुरंत बाद बारिश होने लगी। मौसम बहुत खुशनुमा था।“ वहीं, शनिवार शाम को चंडीगढ़ और इसके आसपास के इलाकों में आंधी आई थी। 


हालांकि, बारिश से कटाई के बाद खेतों में पड़ी गेहूं की फसल को नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही कटाई के लिए तैयार खड़ी फसल भी खराब हो सकती है।

पंजाब और हरियाणा में गेहूं बिक्री के लिए बाजार में पहुंचने भी लगे हैं। ज्यादातर गेंहू सूखने के लिए खुले में छोड़े गए हैं, लेकिन बारिश से उनके गीले होकर खराब होने का अंदेशा बढ़ गया है।