दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी का दिल का दौरा पड़ने से निधन

मुंबईः 54 वर्ष की थीं। वह पारिवारिक समारोह में हिस्सा लेने दुबई गई थीं। श्रीदेवी के निधन की खबर की पुष्टि करते हुए उनके देवर संजय कपूर ने बताया, हां, यह सच है। हालांकि, संजय ने इस बारे में अधिक जानकारी नही दी। वह इस समय दुबई में हैं। श्रीदेवी पति बोनी कपूर और छोटी बेटी खुशी कपूर के साथ मोहित मारवाह की शादी में शिरकत करने दुबई गई थीं। श्रीदेवी को मिस्टर इंडिया, सदमा, चालबाज, चांदनी जैसी कई बेहतरीन फिल्मों के लिए जाना जाता है। पद्मश्री से सम्मानित अभिनेत्री की आखिरी फिल्म 2017 में आई मॉम थी। उनके निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। कई दिग्गज हस्तियों ने श्रीदेवी के निधन पर शोक जताया है। अभिनेत्री निम्रत कौर ने ट्वीट कर कहा, श्रीदेवी के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। काला एवं भयावह पल। सुष्मिता सेन ने ट्वीट कर कहा, मैंने अभी दिल का दौरा पड़ने की वजह से श्रीदेवी मैम के निधन की खबर सुनी। मैं सदमे में हूं। मधुर भंडारकर ने ट्वीट कर कहा, श्रीदेवी के निधन की खबर सुनी, अविश्वसनीय और दिल दुखाने वाला क्षण। भारतीय सिनेमा की प्रतिभाशाली अभिनेत्रियों में एक। भगवान उनके परिवार को शक्ति दे। प्रियंका चोपड़ा ने ट्वीट कर कहा कि मेरे पास शब्द नही हैं। श्रीदेवी को प्यार करने वालों के प्रति सहानुभूति। एक काला दिन। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।